राठौड़ वंश — भाग 1: उत्पत्ति, राव जोधा, राव मालदेव और राव चंद्रसेन

Table of Contents

राठौड़ वंश (Rathore Vansh) राजस्थान के सबसे शक्तिशाली और लंबे समय तक शासन करने वाले राजपूत वंशों में से एक है। राजस्थान का पश्चिमी-उत्तरी भाग प्राचीन काल में मरु प्रदेश कहलाता था, जो आगे चलकर मारवाड़ के नाम से प्रसिद्ध हुआ। यहाँ पहले गुर्जर-प्रतिहारों का और फिर राठौड़ों का शासन रहा, जो 1949 में राजस्थान के एकीकरण तक चला। इस भाग (Part 1) में हम राठौड़ों की उत्पत्ति, मारवाड़ में वंश की स्थापना और राव सीहा से लेकर राव चंद्रसेन तक के शासकों का परीक्षा-उपयोगी अध्ययन करेंगे। यह लेख RPSC, RAS, पटवारी, REET, VDO, राजस्थान पुलिस जैसी परीक्षाओं के लिए उपयोगी है।

‘राठौड़’ शब्द का अर्थ

‘राठौड़’ शब्द संस्कृत के राष्ट्रकूट से निकला माना जाता है। राष्ट्रकूट का प्राकृत रूप ‘रट्टऊड’ हुआ, जो धीरे-धीरे ‘राडउड’ और फिर ‘राठौड़’ बन गया।

राठौड़ वंश की उत्पत्ति (Rathore Vansh ki Utpatti)

राठौड़ों की उत्पत्ति के बारे में विभिन्न ग्रंथों और इतिहासकारों के अलग-अलग मत हैं:

स्रोत / इतिहासकारउत्पत्ति संबंधी मत
राज रत्नाकरहिरण्यकश्यप की संतान
जोधपुर राज्य की ख्यातराजा विश्वुतमान के पुत्र राजा वृहदबल की संतान
दयालदास री ख्यातसूर्यवंशी; भल्लराव की संतान
राठौड़ वंश महाकाव्यशिव के मस्तक पर स्थित चंद्रमा से उत्पत्ति
कर्नल जेम्स टॉडसूर्यवंशी
डॉ. गौरीशंकर हीराचंद ओझाराठौड़ बदायूँ के राष्ट्रकूटों (राठौड़ों) के वंशज

जिस समय कन्नौज पर गहड़वाल वंश का शासन था, उसी समय राष्ट्रकूटों की एक शाखा बदायूँ में शासन कर रही थी, जिसका प्रवर्तक चंद्र था। गहड़वालों और बदायूँ के राठौड़ों के बीच वैवाहिक संबंध होते थे, इसलिए दोनों एक ही वंश के नहीं हो सकते। कैप्टन लुअर्ड, डॉ. रामशंकर त्रिपाठी और हेमचंद्र राय ने भी गहड़वालों और राठौड़ों को अलग-अलग वंश माना है। इसलिए अधिकांश विद्वान राजस्थान के राठौड़ों को बदायूँ के राठौड़ों का वंशज मानते हैं।

राजस्थान में राठौड़ों की कई शाखाएँ रहीं — हस्तिकुंडी (हथूंडी), धनोप, वागड़, जोधपुर (मारवाड़), बीकानेर और किशनगढ़। इनमें जोधपुर और बीकानेर के राठौड़ सबसे प्रसिद्ध हुए।

मारवाड़ (जोधपुर) में राठौड़ वंश की स्थापना

मारवाड़ में राठौड़ वंश की नींव राव सीहा ने 13वीं शताब्दी में पाली क्षेत्र में रखी। पाली जिले के बीठू गाँव से मिले देवल अभिलेख (1273 ई.) के अनुसार राव सीहा कुँवर सेतराम का पुत्र था और उसकी रानी सोलंकी वंश की पार्वती थी। 1273 ई. में पाली की रक्षा करते हुए मुस्लिम सेना से लड़ते समय उसकी मृत्यु हुई। इस संघर्ष को लाखा झंवर का युद्ध भी कहा जाता है।

  • राव आसथान (1273–1291 ई.) — जलालुद्दीन खिलजी की सेना से पाली की रक्षा करते हुए मारे गए।
  • राव धूहड़ (1291–1309 ई.) — इन्होंने राठौड़ों की कुलदेवी नागणेची माता की मूर्ति नागाणा गाँव (पचपदरा, बालोतरा) में स्थापित करवाई। नागणेची माता को राठौड़ों की कुलदेवी माना जाता है।
  • मारवाड़ के राठौड़ वंश का प्रथम वास्तविक/प्रतापी शासक राव चूँडा माना जाता है, जिसकी राजधानी मंडोर थी।

राव चूँडा (1394–1423 ई.)

राव चूँडा, राव सीहा के वंशज वीरमदेव का पुत्र था। ईंदा परिहारों ने मंडोर को मुस्लिम सूबेदार से छीनकर राव चूँडा को दहेज में दे दिया। इसके बाद चूँडा ने मंडोर को राठौड़ों की राजधानी बनाया और अपने राज्य का विस्तार नाडोल, डीडवाना और नागौर तक किया।

  • राव चूँडा को मारवाड़ में सामंत प्रथा का संस्थापक (प्रारंभकर्ता) माना जाता है।
  • चूँडा की रानी चांदकँवर ने चाँद बावड़ी (जोधपुर) बनवाई।
  • चूँडा ने अपनी पुत्री हंसाबाई का विवाह मेवाड़ के राणा लाखा से किया, जिससे मोकल का जन्म हुआ।
  • मोहिल रानी किशोरी देवी (चौहान राव मेघराज की पुत्री) के प्रभाव में चूँडा ने ज्येष्ठ पुत्र रणमल के स्थान पर कान्हा को उत्तराधिकारी बनाया। कान्हा केवल लगभग 11 माह शासन कर सका, फिर सत्ता शासक बना। बाद में सरदारों ने रणमल को गद्दी सौंप दी।
READ ALSO  राजस्थान के 41 जिले 2025 - पूरी सूची, नाम व जानकारी

राव रणमल (1427–1438 ई.)

ज्येष्ठ पुत्र होने के बावजूद रणमल को राज्य छोड़कर मेवाड़ जाना पड़ा था। बहन हंसाबाई के राणा लाखा से विवाह के बाद मेवाड़ दरबार में उसका प्रभाव बढ़ गया। 1421 ई. में लाखा की मृत्यु के बाद बालक मोकल शासक बना। रणमल ने मेवाड़ की सेना की सहायता से 1426–27 ई. में मंडोर पर अधिकार कर लिया।

मोकल और फिर बालक महाराणा कुंभा के समय मेवाड़ का प्रशासन काफी हद तक रणमल के हाथ में रहा। उसने मेवाड़ के प्रभावशाली सरदार राघवदेव (चूँडा सिसोदिया के भाई) की हत्या करवा दी, जिससे सिसोदिया सरदार उसके विरोधी हो गए। अंततः 1438 ई. में चित्तौड़ में रणमल की हत्या कर दी गई।

राव जोधा (1438–1489 ई.) — जोधपुर के संस्थापक

रणमल की हत्या के बाद उसका पुत्र जोधा अपने साथियों के साथ चित्तौड़ से भागकर काहुनी गाँव (बीकानेर क्षेत्र) पहुँचा। लगभग 15 वर्षों के संघर्ष के बाद 1453 ई. में उसने मंडोर पर पुनः अधिकार कर लिया।

  • आवल-बावल की संधि (1453 ई.) — मेवाड़ (महाराणा कुंभा) और मारवाड़ (राव जोधा) के बीच सीमा निर्धारण की संधि। जोधा ने अपनी पुत्री शृंगार देवी का विवाह कुंभा के पुत्र रायमल से किया।
  • जोधपुर की स्थापना — 12 मई 1459 ई.; जोधपुर को सूर्यनगरी और नीली नगरी (Blue City) कहा जाता है।
  • राजधानी की सुरक्षा हेतु चिड़ियाटूँक पहाड़ी पर मेहरानगढ़ दुर्ग की नींव रखी गई।
  • जोधा ने अपने भाइयों और पुत्रों को जागीरें देकर राज्य संगठित किया, इसलिए उसे मारवाड़ में सामंत प्रथा का वास्तविक संस्थापक कहा जाता है।
  • डॉ. ओझा के अनुसार राव जोधा जोधपुर का पहला प्रतापी राजा था।
  • रानी जसमादे हाड़ी ने जोधपुर में रानीसर तालाब बनवाया; जोधा की माता कोड़मदे ने कोड़मदेसर (बीकानेर) का निर्माण करवाया।
  • जोधा के पुत्र राव बीका ने 1488 ई. में बीकानेर की स्थापना की।

रानी जसमादे के प्रभाव में जोधा ने सातल को उत्तराधिकारी बनाया, क्योंकि ज्येष्ठ पुत्र कुँवर नींबा की मृत्यु पिता के जीवनकाल में ही हो गई थी। जोधा की मृत्यु 1489 ई. में हुई।

राव सातल (1489–1492 ई.) और घुड़ला त्योहार

राव सातल ने अपने नाम पर सातलमेर (पोकरण के पास) बसाया। अजमेर के सूबेदार मल्लू खाँ ने 1490–92 ई. में मारवाड़ पर आक्रमण किया। ख्यातों के अनुसार उसके सेनापति घुड़ले खाँ (मीर घुड़ला) ने पीपाड़ में गणगौर पूजन कर रहीं लगभग 140 कन्याओं/स्त्रियों का अपहरण कर लिया। राव सातल ने भाइयों सूजा और वरसिंह के साथ कोसाणा में रात्रि आक्रमण कर घुड़ले खाँ को मार दिया और स्त्रियों को मुक्त कराया।

  • इसी विजय की स्मृति में मारवाड़ में घुड़ला त्योहार मनाया जाता है — चैत्र कृष्ण अष्टमी से चैत्र शुक्ल तृतीया तक। स्त्रियाँ छिद्रयुक्त घड़े में दीपक रखकर घूमती हैं।
  • युद्ध में घायल होने से 1492 ई. में चैत्र शुक्ल तृतीया को राव सातल की मृत्यु हो गई। इसी कारण मारवाड़ में इस दिन से केवल गौरी (गणगौर) की पूजा की परंपरा बताई जाती है।

राव सूजा (1492–1515 ई.)

सातल के बाद उसका भाई सूजा शासक बना। राव जोधा ने बीका को वचन दिया था कि राजचिह्न (तख्त, छत्र, ढाल-तलवार आदि) उसे मिलेंगे। सूजा द्वारा मना करने पर राव बीका ने जोधपुर पर आक्रमण कर दिया। राजमाता जसमादे की मध्यस्थता से संधि हुई और बीका ये राठौड़ों के पूजनीय राजचिह्न बीकानेर ले गया — जिनमें तख्त, छत्र, चँवर, ढाल-तलवार, कटार, 18 भुजाओं वाली नागणेची माता की मूर्ति, हिरण्यगर्भ लक्ष्मीनारायण की मूर्ति, भंवर ढोल, बैरीसाल नगाड़ा आदि शामिल थे।

READ ALSO  मेवाड़ का गुहिल वंश — Part 4 राणा कुंभा (1433–1468 ई.) — मेवाड़ का सर्वश्रेष्ठ एवं बहुआयामी शासक

राव गांगा (1515–1532 ई.)

  • राव सूजा का पौत्र। मेवाड़ के राणा सांगा से मित्रता रखी।
  • खानवा के युद्ध (1527 ई.) में अपने पुत्र मालदेव के नेतृत्व में लगभग 4,000 सैनिक सांगा की सहायता के लिए भेजे।
  • जोधपुर में गांगेलाव तालाब और गांगा की बावड़ी बनवाई। सिरोही से लाई गई श्यामजी की मूर्ति उसके नाम पर गंगश्याम जी कहलाई।
  • मृत्यु (1532 ई.): विश्वेश्वरनाथ रेऊ के अनुसार अफीम के नशे में झरोखे से गिरकर; जबकि डॉ. ओझा और जोधपुर राज्य की ख्यात के अनुसार मालदेव ने उन्हें झरोखे से धक्का दिया। इसलिए मालदेव को पितृहंता भी कहा जाता है।

राव मालदेव (1532–1562 ई.) — मारवाड़ का सबसे शक्तिशाली शासक

राव मालदेव का राज्याभिषेक 5 जून 1532 को सोजत में हुआ। जब वह गद्दी पर बैठा तब उसका अधिकार केवल जोधपुर और सोजत परगनों पर था, लेकिन अपने शासनकाल में उसने लगभग 52 युद्ध लड़े और लगभग 58 परगनों तक राज्य का विस्तार किया। फ़ारसी इतिहासकार बदायूँनी ने उसे “हशमत वाला राजा” (भारत का सबसे शक्तिशाली राजा) कहा है।

रूठी रानी उमादे

1536 ई. में मालदेव का विवाह जैसलमेर के रावल लूणकरण की पुत्री उमादे से हुआ। विवाह की रात ही किसी कारण से दोनों में मनमुटाव हो गया और उमादे जीवनभर रूठी रहीं, इसलिए उन्हें “रूठी रानी” कहा जाता है। वे अजमेर के तारागढ़ और बाद में गूंदोज (पाली) में रहीं तथा मालदेव की मृत्यु पर सती हुईं।

मालदेव की प्रमुख विजयें

क्षेत्रविवरण
मेवाड़ को सहायताबनवीर के विरुद्ध उदयसिंह को चित्तौड़ की गद्दी दिलाने में जैता-कूंपा को भेजा
भाद्राजूण (जालोर)सींधल वीरा को हराकर अधिकार
नागौरदौलत खाँ को हराकर अधिकार
मेड़ता व अजमेरवीरमदेव मेड़तिया को निष्कासित किया; वीरमदेव शेरशाह की शरण में गया
सिवाणा (1538)राठौड़ डूंगरसी से छीना
जालोरसिकंदर खाँ को कैद किया
बीकानेर — पाहेबा/साहेबा का युद्ध (1541–42)बीकानेर के राव जैतसी को मारकर बीकानेर पर अधिकार

मालदेव ने मेवाड़ के जैतसिंह (खैरवा) की पुत्री स्वरूपदे से विवाह किया था। छोटी पुत्री (वीरबाई झाली) के विवाह प्रस्ताव को अपमान मानकर जैतसिंह ने उसका विवाह महाराणा उदयसिंह से कर दिया। इसी कारण मालदेव ने कुंभलगढ़ पर आक्रमण किया, पर सफल नहीं हुआ। इन विजयों से मालदेव ने जैसलमेर, मेवाड़, बीकानेर और मेड़ता — सभी को अपना शत्रु बना लिया।

मालदेव और हुमायूँ

शेरशाह सूरी से चौसा (1539) और कन्नौज/बिलग्राम (1540) में पराजित होने के बाद हुमायूँ शरण खोज रहा था। मालदेव ने पहले सहायता का प्रस्ताव भेजा, पर हुमायूँ ने तब ध्यान नहीं दिया। 1542 ई. में जब हुमायूँ मारवाड़ के जोगी तीर्थ पहुँचा, तब तक शेरशाह बहुत शक्तिशाली हो चुका था और मालदेव ने सहायता से हाथ खींच लिया। हुमायूँ के दूतों (मीर समंदर, रायमल सोनी, अतका खाँ) ने मालदेव की नीयत पर संदेह जताया और हुमायूँ अमरकोट चला गया, जहाँ 1542 में अकबर का जन्म हुआ।

गिरि-सुमेल का युद्ध (जनवरी 1544 ई.)

वीरमदेव मेड़तिया और बीकानेर के कल्याणमल के उकसाने पर शेरशाह सूरी विशाल सेना लेकर मारवाड़ की ओर बढ़ा। वीरमदेव ने छल से मालदेव के सेनापतियों जैता और कूंपा के शिविर में धन की थैलियाँ भिजवाकर यह भ्रम फैलाया कि वे शेरशाह से मिल गए हैं। संदेह होने पर मालदेव आधी सेना लेकर पीछे हट गया, लेकिन जैता और कूंपा ने शेष सैनिकों के साथ गिरि-सुमेल (जैतारण, ब्यावर) में शेरशाह से भीषण युद्ध किया और वीरगति प्राप्त की।

बड़ी कठिनाई से मिली इस विजय के बाद शेरशाह ने कहा था — “मैं मुट्ठी भर बाजरे के लिए हिंदुस्तान की बादशाहत खो देता।”

युद्ध के बाद शेरशाह ने अजमेर और जोधपुर पर अधिकार कर लिया और खवास खाँ को जोधपुर का प्रबंध सौंपा। मेड़ता वीरमदेव को और बीकानेर कल्याणमल को लौटा दिया गया। मालदेव सिवाणा चला गया। 1545 ई. में कालिंजर अभियान में शेरशाह की मृत्यु के बाद मालदेव ने जोधपुर पर पुनः अधिकार कर लिया।

READ ALSO  राजस्थान में ऊर्जा विकास 2026 – Solar, Nuclear, Thermal, Wind Power Puri Jankari

हरमाड़ा का युद्ध (1557 ई.)

अजमेर के पास हरमाड़ा में मालदेव ने हाजी खाँ (पठान) के साथ मिलकर महाराणा उदयसिंह को पराजित किया। मालदेव की मृत्यु 7 नवंबर 1562 ई. को हुई।

राव चंद्रसेन (1562–1581 ई.) — मारवाड़ का प्रताप

राव चंद्रसेन का जन्म 16 जुलाई 1541 को हुआ। वह मालदेव और झाली रानी स्वरूपदे का पुत्र था। बड़े भाइयों राम और उदयसिंह के होते हुए भी मालदेव की इच्छा से 31 दिसंबर 1562 को चंद्रसेन जोधपुर की गद्दी पर बैठा। इससे उसके भाई राम, उदयसिंह और रायमल उसके विरोधी हो गए।

  • लोहावट का युद्ध: चंद्रसेन ने भाई उदयसिंह को पराजित किया।
  • जोधपुर पर मुगल अधिकार (1564–65): भाई राम की प्रार्थना पर अकबर ने हुसैन कुली खाँ को भेजा, जिसने जोधपुर पर कब्ज़ा कर लिया। चंद्रसेन भाद्राजूण चला गया।
  • नागौर दरबार (नवंबर 1570): अकाल राहत हेतु अकबर ने नागौर में शुक्र तालाब खुदवाया। यहाँ बीकानेर के कल्याणमल-रायसिंह और जैसलमेर के हरराय ने अधीनता स्वीकार की। चंद्रसेन भी आया, परंतु अकबर की “फूट डालो” नीति देखकर बिना अधीनता स्वीकारे लौट गया।
  • नागौर दरबार के बाद अकबर ने बीकानेर के रायसिंह को जोधपुर का प्रशासक नियुक्त किया।
  • चंद्रसेन ने सिवाणा को संकटकालीन राजधानी बनाया और पहाड़ों से छापामार (गुरिल्ला) युद्ध किया। 1575 में सिवाणा पर मुगलों का अधिकार हो गया।
  • 1576 में उसने पोकरण एक लाख फदियों के बदले जैसलमेर के रावल हरराय को गिरवी दिया।
  • 1580 में सोजत पर अधिकार कर सारण पर्वत (पाली) के सचियाप में निवास बनाया, जहाँ 11 जनवरी 1581 को उसकी मृत्यु हुई। सचियाप में उसकी समाधि (छतरी) है।

राव चंद्रसेन के उपनाम और महत्व

  • मारवाड़ का प्रताप / प्रताप का अग्रगामी (पथ-प्रदर्शक) — मुगलों के विरुद्ध दुर्ग की बजाय जंगल-पहाड़ों से छापामार युद्ध की नीति अपनाई, जिसे बाद में महाराणा प्रताप ने अपनाया।
  • मारवाड़ का भूला-बिसरा राजा — इतिहास में उचित स्थान न मिलने के कारण।
  • अकबरकालीन राजस्थान का पहला स्वतंत्र प्रकृति का शासक, जिसने अकबर की अधीनता कभी स्वीकार नहीं की।
  • छापामार युद्ध नीति अपनाने वाला मेवाड़ के उदयसिंह के बाद राजपूताने का दूसरा शासक।

एक नज़र में: मारवाड़ के प्रारंभिक राठौड़ शासक (Quick Revision)

शासकशासनकालप्रमुख तथ्य
राव सीहामृत्यु 1273 ई.मारवाड़ में राठौड़ वंश के संस्थापक; बीठू (पाली) का देवल अभिलेख
राव धूहड़1291–1309नागाणा में नागणेची माता की मूर्ति स्थापना
राव चूँडा1394–1423मंडोर राजधानी; सामंत प्रथा का प्रारंभ; चाँद बावड़ी
राव रणमल1427–1438मेवाड़ में प्रभाव; 1438 में चित्तौड़ में हत्या
राव जोधा1438–1489जोधपुर (1459) व मेहरानगढ़; आवल-बावल संधि (1453)
राव सातल1489–1492घुड़ले खाँ का वध; घुड़ला त्योहार; सातलमेर
राव सूजा1492–1515बीका को राजचिह्न सौंपे
राव गांगा1515–1532खानवा (1527) में सांगा की सहायता; गांगेलाव तालाब
राव मालदेव1532–156252 युद्ध, 58 परगने; पाहेबा (1542), गिरि-सुमेल (1544), हरमाड़ा (1557)
राव चंद्रसेन1562–1581मारवाड़ का प्रताप; नागौर दरबार (1570) से लौटा; सचियाप में मृत्यु

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)

मारवाड़ में राठौड़ वंश का संस्थापक कौन था?

मारवाड़ में राठौड़ वंश का संस्थापक राव सीहा था, जिसकी मृत्यु 1273 ई. में पाली की रक्षा करते हुए हुई।

राठौड़ वंश की कुलदेवी कौन है?

राठौड़ वंश की कुलदेवी नागणेची माता हैं, जिनकी मूर्ति राव धूहड़ ने नागाणा गाँव (बालोतरा) में स्थापित करवाई थी।

जोधपुर की स्थापना कब और किसने की?

राव जोधा ने 12 मई 1459 ई. को जोधपुर की स्थापना की और चिड़ियाटूँक पहाड़ी पर मेहरानगढ़ दुर्ग बनवाया।

“मुट्ठी भर बाजरे के लिए…” कथन किसका है?

यह कथन शेरशाह सूरी का है, जो उसने गिरि-सुमेल के युद्ध (1544) में राव मालदेव की सेना पर कठिन विजय के बाद कहा था।

राव चंद्रसेन को ‘मारवाड़ का प्रताप’ क्यों कहा जाता है?

क्योंकि उसने महाराणा प्रताप से पहले ही अकबर की अधीनता अस्वीकार कर छापामार युद्ध नीति से जीवनभर संघर्ष किया। इसी कारण उसे ‘प्रताप का अग्रगामी’ भी कहा जाता है।

आवल-बावल की संधि किनके बीच हुई?

1453 ई. में मेवाड़ के महाराणा कुंभा और मारवाड़ के राव जोधा के बीच, जिससे दोनों राज्यों की सीमा निर्धारित हुई।

अगले भाग (Part 2) में मोटाराजा उदयसिंह से महाराजा हनुवंतसिंह तक जोधपुर के राठौड़ शासकों, वीर दुर्गादास राठौड़ और खेजड़ली बलिदान का अध्ययन करेंगे।

Picture of StudyHub Content Team

StudyHub Content Team

At StudyHub, our team includes subject experts and exam-qualified educators with hands-on experience across SSC, Railways, State PSCs, and other major competitive exams. With their deep understanding of varied exam patterns and syllabi, they create content that is clear, to the point, reliable, and genuinely helpful for aspirants.
Their aim is to make even the toughest topics easy to understand and directly useful for your exam preparation—whether it's Current Affairs, General Studies, Reasoning, Quantitative Aptitude, or any subject-specific area. Every note, article, and test is designed to save your time and boost your performance, no matter which competitive exam you're preparing for.

📢 Join StudyHub For Fast Updates!

Get instant alerts for Latest Test Series, Courses, Govt Jobs, Admit Cards, and Results.

Leave a Reply

Scroll to Top